गुना में 8 लाख का चोरी ट्रैक्टर जब्त, राजस्थान ले जाते एक गिरफ्तार
गुना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 लाख का चोरी ट्रैक्टर राजस्थान सीमा की ओर ले जाते दबोचा
गुना: जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर बड़ा शिकंजा कसते हुए लगभग 8 लाख रुपये कीमत के चोरी हुए आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉली को बरामद कर लिया है। वाहन को राजस्थान की ओर ले जा रहे एक शातिर आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है, जबकि इस वारदात में शामिल उसका दूसरा साथी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन और चांचौड़ा थाना प्रभारी दलीप राजोरिया की तकनीकी टीम के ठोस विश्लेषण के चलते संभव हो सकी है।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांचौड़ा थाना अंतर्गत ग्राम आशाखेड़ी चक निवासी फरियादी राधेश्याम मीना का आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉली अज्ञात चोरों द्वारा पार कर लिया गया था। घटना की गंभीरता को भांपते हुए चांचौड़ा थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों खंगालने शुरू किए। इसी बीच 8-9 अक्टूबर की दरमियानी रात पुलिस को मुखबिर तंत्र के जरिए खास सूचना मिली कि चोरी हुआ उक्त वाहन गोया रोड के रास्ते राजस्थान की तरफ ले जाया जा रहा है।
घेराबंदी कर दबोचा गया मुख्य आरोपी, साथी की तलाश जारी
सूचना मिलते ही बीनागंज चौकी पुलिस ने गोया रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास जाल बिछाकर संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को घेर लिया। पूछताछ के दौरान वाहन चालक ने अपनी पहचान देवेन्द्र पुत्र रामसेवक मीना (निवासी ग्राम सागर, थाना चांचौड़ा, जिला गुना) के रूप में दी। आरोपी ने अपने एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर इस चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 8 लाख रुपये का चोरी गया ट्रैक्टर विधिवत जब्त कर लिया है। फरार दूसरे आरोपी की सुरागरसी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार किए जाने का दावा किया जा रहा है।
TrendsNews.iN निष्पक्ष, तथ्यपरक और स्वतंत्र पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करता है। हमारी टीम खबरों की सत्यता की पुष्टि के बाद ही प्रकाशन करती है। प्रकाशित समाचार की सम्पूर्ण जिम्मेदारी सम्बंधित पत्रकार की होगी, पोर्टल जिम्मेदार नही होगा।