मवाना: कृषक इंटर कॉलेज में जनप्रतिनिधियों के शिलापट तोड़ने पर हंगामा, FIR की मांग
मवाना: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मवाना स्थित कृषक इंटर कॉलेज के अंदर जनप्रतिनिधियों और दानदाताओं के शिलापट व नाम के पत्थर तोड़े जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार पर आरोप है कि उन्होंने विकास कार्यों से जुड़े तत्कालीन सांसदों और विधायकों के नाम के पत्थरों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। इस गंभीर घटना के खिलाफ पूर्व मंत्री व विधायक प्रभु दयाल वाल्मीकि, शिक्षक नेता चौधरी नरेश पाल सिंह, कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य रामपाल सिंह तोमर समेत कई गणमान्य लोगों ने मवाना थाना अध्यक्ष से मुलाकात कर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
साक्ष्यों के साथ थाने में दी गई तहरीर
प्रतिनिधिमंडल ने टूटे हुए पत्थरों के फोटोग्राफ्स और जनप्रतिनिधियों के पत्र थाने में सौंपते हुए मांग की है कि इस संज्ञेय अपराध में तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही, उसी तारीख और उन्हीं जनप्रतिनिधियों के नामों के नए पत्थर दोबारा लगवाने की मांग भी उठाई गई है। शिक्षक नेता चौधरी नरेश पाल ने जानकारी दी कि हटाए गए शिलापटों में मुख्य रूप से तत्कालीन सांसद अवतार सिंह भड़ाना द्वारा सीसी रोड निर्माण, शिक्षक विधायक ओम प्रकाश शर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य रामपाल सिंह तोमर, पूर्व हस्तिनापुर विधायक प्रभु दयाल वाल्मीकि और तत्कालीन विधायक अतुल खटीक के नाम के बोर्ड शामिल हैं।
सरकारी अभिलेखों में दर्ज हैं कार्य
खोजी पड़ताल में सामने आया है कि इन विकास कार्यों का पूरा रिकॉर्ड जिला कलेक्टर मेरठ, मुख्य विकास अधिकारी और ग्रामीण अभियंत्रण विकास विभाग के सरकारी अभिलेखों में मौजूद है। इसमें एस्टीमेट, कुल धन, और प्रस्तावक का पूरा ब्योरा दर्ज रहता है। पूर्व विधायक प्रभु दयाल वाल्मीकि और अतुल खटीक ने इस बाबत डीएम मेरठ को भी पत्र लिखा है। कॉलेज के पूर्व पदाधिकारियों ने बताया कि संस्थान के रिकॉर्ड में भी ये सभी प्रस्ताव और फाइलें सुरक्षित हैं। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार ने बिना किसी रिकॉर्ड और प्रस्ताव के अनाधिकृत तरीके से अपने नाम के नए पत्थर लगवाए हैं, जिसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। इस भ्रष्टाचार के खिलाफ कॉलेज के प्राधिकरण नियंत्रक सह प्रधानाचार्य जीआईसी हस्तिनापुर अमित कुमार को भी अवगत करा दिया गया है।
TrendsNews.iN निष्पक्ष, तथ्यपरक और स्वतंत्र पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करता है। हमारी टीम खबरों की सत्यता की पुष्टि के बाद ही प्रकाशन करती है। प्रकाशित समाचार की सम्पूर्ण जिम्मेदारी सम्बंधित पत्रकार की होगी, पोर्टल जिम्मेदार नही होगा।