बीनागंज में अतिक्रमण का खेल: अस्पताल गेट पर मंडराया बड़ा खतरा
अस्पताल के मुख्य द्वार पर अवैध कब्जों का साम्राज्य
गुना: मध्य प्रदेश के गुना जिले के अंतर्गत आने वाले बीनागंज कस्बे में प्रशासनिक लापरवाही और राजनीतिक संरक्षण के चलते जनजीवन गंभीर खतरे में पड़ गया है। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार के ठीक सामने लगातार बढ़ रहे अवैध अतिक्रमण के कारण कभी भी कोई बड़ी जनहानि हो सकती है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाली एम्बुलेंस भी घंटों जाम में फंस सकती है, जिससे मरीजों की जान पर बन आई है। 'ट्रेंड्स न्यूज की पड़ताल में यह खुलासा हुआ है कि इस खेल के पीछे स्थानीय सत्ता के गलियारों से जुड़े लोगों का वरदहस्त है।
नगर परिषद अध्यक्षा के पति की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल
खोजी पड़ताल और स्थानीय सूत्रों से मिले गुप्त तथ्यों के अनुसार, इस पूरे गोरखधंधे को नगर परिषद अध्यक्षा के पति की शह पर सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। नागरिकों ने अपनी पहचान उजागर न करने की शर्त पर बताया कि प्रशासनिक नियमों को ताक पर रखकर एक ही दुकान के आगे कई अन्य अवैध दुकानें सजाई जा रही हैं।जिन से किराया वसूला जा रहा है। अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह के पास इस तरह के अवैध कब्जों को बढ़ावा देना सीधे तौर पर आम जनता के जीवन के साथ खिलवाड़ है, जिस पर जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदकर बैठे हैं।
आवंटित दुकानों के आगे चल रहा अवैध किराए का कारोबार
मौके पर स्थिति यह है कि नगर परिषद द्वारा पूर्व में वैध रूप से आवंटित दुकानों के ठीक सामने अवैध रूप से किराए पर अन्य दुकानें संचालित की जा रही हैं। उदाहरण के तौर पर, एक मूल दुकान के आगे 'राधे रानी चाट भंडार' का संचालन हो रहा है, और उसके ठीक सामने प्रतिदिन नियमित रूप से सब्जियों की अवैध दुकानें लगाई जा रही हैं। इस तरह एक ही जगह पर तीन-तीन दुकानें लगने से मुख्य मार्ग पर भारी जाम की स्थिति बन जाती है।
प्रशासनिक चुप्पी और भविष्य की कार्रवाई पर संशय
सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि जब नगर परिषद द्वारा विधिवत दुकानें आवंटित की जा चुकी हैं, तो उनके सामने अतिरिक्त और अवैध दुकानों के संचालन की अनुमति या संरक्षण किस आधार पर दिया जा रहा है? क्या स्थानीय प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? 'ट्रेंड्स न्यूज इन' इस मामले की गहराई से तहकीकात कर रहा है। अब देखना यह होगा कि क्या जिला प्रशासन कुंभकर्णी नींद से जागकर इन रसूखदार अतिक्रमणकारियों पर बुलडोजर चलाता है या फिर जनता यूं ही भगवान भरोसे जीने को मजबूर रहेगी।
TrendsNews.iN निष्पक्ष, तथ्यपरक और स्वतंत्र पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करता है। हमारी टीम खबरों की सत्यता की पुष्टि के बाद ही प्रकाशन करती है। प्रकाशित समाचार की सम्पूर्ण जिम्मेदारी सम्बंधित पत्रकार की होगी, पोर्टल जिम्मेदार नही होगा।