गुना: कलेक्टर कन्याल ने मां निहाल देवी मंदिर का किया दौरा, व्यवस्थाओं का लि...
मां निहाल देवी मंदिर पहुंचे गुना कलेक्टर, सुरक्षा और सुविधाओं का किया औचक निरीक्षण
गुना: जिले के बमोरी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध मां निहाल देवी मंदिर में सुरक्षा और श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आज औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मंदिर प्रबंधन के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक कर मेले में आने वाले संभावित श्रद्धालुओं की संख्या व अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी हासिल की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने मंदिर परिसर में पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। इसके बाद उन्होंने परिसर में स्थित बालाजी मंदिर का भी पैदल भ्रमण किया और वहां जनहित में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
प्राचीन शिव मंदिर अजीत खोह के सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश
मां निहाल देवी मंदिर के निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ग्राम पंचायत कलेचरी के अंतर्गत आने वाले प्राचीन शिव मंदिर 'अजीत खोह' पहुंचे। उन्होंने इस ऐतिहासिक और प्राचीन स्थल की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन प्राचीन धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा सुनियोजित विकास के लिए तुरंत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेजे जाएं।
इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान कलेक्टर के साथ डिप्टी कलेक्टर देवांशु शिवहरे, गुना एसडीएम शिवानी पाण्डे सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र के धार्मिक स्थलों के विकास और सुरक्षा को लेकर एक सकारात्मक संदेश गया है।
TrendsNews.iN निष्पक्ष, तथ्यपरक और स्वतंत्र पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करता है। हमारी टीम खबरों की सत्यता की पुष्टि के बाद ही प्रकाशन करती है। प्रकाशित समाचार की सम्पूर्ण जिम्मेदारी सम्बंधित पत्रकार की होगी, पोर्टल जिम्मेदार नही होगा।