गुना: भोजपुरी गायक गणेश यादव के अश्लील गीत पर भड़का सेन समाज, राष्ट्रपति के...
चाचौड़ा में सेन समाज का फूटा गुस्सा, राष्ट्रपति को सौंपा गया ज्ञापन
गुना: जिले के चाचौड़ा उपखंड क्षेत्र में सेन समाज ने बिहार के एक भोजपुरी गायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 06 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:00 बजे स्थानीय एसडीएम कार्यालय पहुंचकर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार महेंद्र खेमरिया को महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक कड़ा ज्ञापन सौंपा। यह विरोध प्रदर्शन भोजपुरी गायक गणेश यादव द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए एक आपत्तिजनक, अश्लील और जातिसूचक वीडियो/गीत के विरोध में किया गया है।
बेटियों और सैलून व्यवसायियों को बनाया गया निशाना
खोजी पड़ताल और समाज के प्रतिनिधियों से मिली जानकारी के अनुसार, वायरल हुए इस अश्लील गाने में विशेष रूप से सेन समाज के सैलून व्यवसायियों और उनकी बेटियों को निशाना बनाया गया है। समाज का आरोप है कि इस प्रकार की घटिया और अपमानजनक सामग्री से पूरे समाज की प्रतिष्ठा और गरिमा को ठेस पहुंची है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित इस कंटेंट ने समाज की महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा व सम्मान पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे आमजन में भारी आक्रोश व्याप्त है।
कठोर कार्रवाई की मांग और भविष्य की चेतावनी
एसडीएम कार्यालय में सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से सेन समाज ने मांग की है कि आरोपी गायक के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। समाज के प्रबुद्धजनों का कहना है कि यदि ऐसे असामाजिक तत्वों पर नकेल नहीं कसी गई, तो भविष्य में इस प्रकार की हरकतों को बढ़ावा मिलेगा। समाज ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी भी समाज या उसकी बेटियों के खिलाफ इस तरह के आपत्तिजनक वीडियो बनाने की हिम्मत न जुटा सके।
प्रदर्शन के दौरान ये लोग रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान चाचौड़ा ब्लॉक के तमाम गणमान्य लोग और युवा उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से ब्लॉक अध्यक्ष पूनम, मुरलीधर, अनिल, कान्हा, कोमल, मुरारी, सुंदर लाल, कैलाश चंद्र, मोहन, रतन और रिंकू सहित बड़ी संख्या में समाज के अन्य लोग शामिल थे। सभी ने एक स्वर में आरोपी के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की मांग दोहराई है। 'बगड़ावत' इस मामले की गहराई से छानबीन जारी रखेगा।
TrendsNews.iN निष्पक्ष, तथ्यपरक और स्वतंत्र पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करता है। हमारी टीम खबरों की सत्यता की पुष्टि के बाद ही प्रकाशन करती है। प्रकाशित समाचार की सम्पूर्ण जिम्मेदारी सम्बंधित पत्रकार की होगी, पोर्टल जिम्मेदार नही होगा।